संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। यूजी कोर्स (स्नातक पाठ्यक्रम) में प्रथम मेरिट लिस्ट में जिन विद्यार्थियों के नाम आए थे, उनके पास दाखिले के लिए फीस जमा करवाने का आज अंतिम दिन है। शहर के राजकीय पीजी कॉलेज व महिला कॉलेज में कुल 2530 सीटों पर दाखिले होने हैं। दोनों कॉलेजों में प्रथम मेरिट लिस्ट जारी हो चुकी है। अब जिन विद्यार्थियों के इस मेरिट लिस्ट में नाम आए हैं। उनको 18 जुलाई तक अपनी फीस जमा करवानी होगी।
जो विद्यार्थी समय पर फीस जमा नहीं करवाएंगे, उनकी सीट को रिक्त समझकर आगामी मेरिट लिस्ट में शामिल किया जाएगा। उन्हें दोबारा से दाखिले का अवसर नहीं मिलेगा। शहर के राजकीय महिला कॉलेज में एक हजार सीटों पर दाखिला होना है। इसमें प्रथम मेरिट लिस्ट में 751 विद्यार्थियों के नाम की सूची जारी हुई थी।
इनमें से अभी तक 474 छात्राओं ने अपनी फीस जमा करवाई है। इसके अतिरिक्त मंगलवार को कितने विद्यार्थी फीस जमा करवाएंगे, इसके बाद 20 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट लगाई जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों को 23 जुलाई तक फीस जमा करवानी होगी। इस बार 24 जुलाई से कॉलेजों में कक्षाएं शुरू की जाएंगी। अगर फिर भी सीटें रिक्त बचती हैं तो 25 जुलाई को ओपन काउंसिलिंग के तहत विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे।
प्रथम मेरिट लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आया है, वह 18 जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं। इसके बाद 20 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
-वीना बहल, प्राचार्य राजकीय महिला कॉलेज।