29जेएनडी01: राजकीय आईटीआई में आवेदन की जानकारी के लिए लगाया गया हेल्प डेस्क। स्रोत: संस्थान
जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का मंगलवार को अंतिम अवसर है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य नरेश कुमार पांचाल ने बताया कि सभी सरकारी आईटीआई संस्थानों में विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वायरमैन, सीओपीए, वेल्डर समेत कई तकनीकी ट्रेडों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इन ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं के लिए सरकारी एवं निजी क्षेत्र के साथ-साथ स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं।
उन्होंने कहा कि आईटीआई केवल तकनीकी शिक्षा प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यहां प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाती है, जिससे उनके रोजगार की संभावनाएं बढ़ती हैं।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि यदि अभी तक आवेदन नहीं किया है तो बिना देर किए आज ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। अंतिम दिन अधिक संख्या में आवेदन होने से वेबसाइट पर तकनीकी परेशानी आ सकती है। ऐसे में समय रहते आवेदन करना सुरक्षित रहेगा, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।