बुढ़ाखेड़ा गांव में नकल रहित परीक्षा के लिए पहरा देते पंचायत के सदस्य।
- फोटो : Jind
12वीं की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए बुढ़ाखेड़ा की ग्राम पंचायत ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर पहरा दिया। इस दौरान ग्रामीण सेंटरों के चारों तरफ घूमते रहे और परीक्षा केंद्र में फेंकने वालों को फटकने तक नहीं दिया। परीक्षा शुरू होने से पहले पेपरों की सील तोड़ने की वीडियोग्राफी करवाई गई। बाद में सील लगाने की भी वीडियोग्राफी ग्रामीणों के सामने की गई।
परीक्षा शुरू होने से पहले सरपंच कविता देवी, अजय लाठर व अन्य पंच परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। पुलिस के साथ उन्होंने परीक्षार्थियों के रोल नंबर देखकर ही अंदर जाने दिया। इसके बाद परीक्षा सेंटर के चारों तरफ पहरा दिया गया। परीक्षा के दौरान किसी भी युवक को परीक्षा केंद्र के आसपास नहीं फटकने दिया गया। आठ वर्ष पहले इस परीक्षा केंद्र पर नकल होने के कारण शिक्षा बोर्ड ने गांव के सेंटर को तोड़ दिया था। अब ग्रामीणों ने नकल रहित परीक्षा करवाने की जिम्मेदारी ली तो बोर्ड ने फिर से गांव में ही परीक्षा केंद्र बना दिया। सरपंच कविता देवी ने कहा कि परीक्षा केंद्र के आसपास युवकों को नहीं आने दिया। इसके लिए पहले ही गांव में मुनादी करवा दी थी। मुनादी में कहा गया था कि यदि परीक्षार्थी के अन्यथा कोई युवक गांव के स्कूल में घुसा तो ग्राम पंचायत उसको दंडित करेगी।