जींद। हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 11 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले तिरंगा यात्रा व पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
वीसी में डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सीएस को आश्वस्त करते हुए जानकारी दी कि जिला में चलाए जाने वाले इस अभियान को जनजागरण अभियान बनाया जाएगा। डीसी से वीसी के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि 11 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा अभियान को सफल बनाने के लिए कोई कोर कसर न रखे। 11 अगस्त को महिला एवं बाल विकास विभाग गांवों व शहरी क्षेत्र में हर घर तिरंगा रैली निकालेगा। 12 अगस्त को विद्यार्थी भी तिरंगा के प्रति आमजन को जागरूक करती रैली निकालेंगे। 13 अगस्त को जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग खिलाड़ियों को तिरंगा यात्रा के साथ जोड़ेगा। खिलाड़ी स्टेडियम, नर्सियों में तिरंगा लगाएंगे। इसके अलावा खेल प्रशिक्षक खिलाड़ियों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकालेंगे। 14 अगस्त को पुलिस की तरफ से जिला व खंडस्तर पर तिरंगा यात्रा से आमजन को जोड़ने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें सभी पुलिस थाना, चौकियों पर तिरंगा फहराया जाएगा। 15 अगस्त को जिले में बनाए गए सभी अमृत सरोवरों पर प्रधानमंत्री के संदेश एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधरोपण किया जाएगा।