17जेएनडी34-अहिरका गांव में निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा। सं
जींद। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय सेनाओं के शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए गांव अहिरका में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के नेतृत्व में युवाओं, ग्रामीणों और महिलाओं ने भाग लेकर भारत माता की जयकार की।
यात्रा जिस भी गली व मार्ग से निकली, लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। देशभक्ति गीतों के साथ यात्रा सकुशल संपन्न हुई।
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के अंदर घुस कर वहां आतंकवादी कैंपों को ध्वस्त कर पूरी दुनिया में भारत का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी ने भारत की तरफ आंख उठा कर देखा है तो भारत ने उसका मुहंतोड़ जवाब दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेनाओं को खुली छूट थी। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुस कर पहलगाम आतंकी घटना का बदला लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सीमाएं इतनी मजबूत हो गई हैं कि कोई भी भारत की तरफ आंख उठाने के लिए सौ बार सोचेगा।