फोटो 3 नरवाना। पुलिस की गिरफ्त मैं दोनों आरोपी। स्रोत पुलिस।
- फोटो : सांकेतिक
नरवाना। गढ़ी थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को 11.06 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी थाना प्रभारी दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव कालवन बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गांव कन्हड़ी रोड की तरफ हेरोइन लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ समय बाद एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजबीर उर्फ लेखराज, सन्नी और दिलप्रीत निवासी बाजीगर बस्ती, जाखल (जिला फतेहाबाद) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 11.06 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सील कर दिया और तीनों आरोपियों के खिलाफ गढ़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।