जींद। जिला के तीन किसानों से कंपनी ने वर्मी कंपोस्ट बनाने और केंचुआ पालन के नाम पर 21 लाख की धोखाधड़ी कर ली। भिवानी रोड के साहिल बंसल और जलालपुर खुर्द के सुलतान ने भी इस कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इनके अलावा तीसरा पीड़ित भाजपा नेता एवं पूर्व चेयरमैन टेकराम कंडेला का बेटा है। कंडेला निवासी राममेहर ने पुलिए एफआईआर में बताया कि यमुनानगर के जगाधरी में सेक्टर-17 स्थित एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी वर्मी कंपोस्ट बनाने के लिए केंचुआ फार्म बनाकर केंचुआ पालन का काम करती है।
यह फर्म केंचुए पालन के लिए दस हजार रुपये प्रति बेड की दर से गोबर, केंचुआ, पॉलीथिन सहित बेड तैयार करती है। इसे कम से कम दो साल की अवधि के लिए तैयार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि उसका इस कंपनी के साथ दो साल का इकरारनामा हुआ है जिसके तहत उसने कंपनी व इसके पार्टनर करनाल जिले के बाजीदा गांव निवासी जोगेंद्र राज को दस लाख रुपये शुरू में ही दे दिए थे।
इनमें 790000 रुपये चेक के जरिए और 220000 रुपये की पेमेंट नकद की थी। इस कारोबार को चलाने के लिए उनके खर्चे भी हुए हैं। इसके अलावा उसने दस लाख रुपये का चेक दिया हुआ था।
यह कंपनी केंचुआ पालन के करारनामा के तहत दो साल से पहले ही काम छोड़कर भाग गई। इसको लेकर उनकी एक एकड़ की जमीन भी खराब हो गई और दस लाख रुपये का नुकसान हो गया।
जब उसने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में कंपनी और उसके पार्टनर के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।