संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वीरवार को एसडीएम पुलकित मलहोत्रा के मार्गदर्शन में सफीदों की नई अनाज मंडी में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. इशिता चुघ की अध्यक्षता में किया गया।
डॉ. इशिता चुघ ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सफीदों की नई अनाज मंडी में उपमंडल स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन तथा आमजन सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी संदर्भ में 11 जून से 13 जून तक तीन दिवसीय योगा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं योग के दैनिक जीवन में महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों से भी अवगत कराया।