जींद। थुआ गांव में खेतों से सामान चोरी करने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों किठाना निवासी अमित, मनदीप व सुनील को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव थुआ निवासी अशोक ने कहा कि 19 जून को वह रात के समय ट्रैक्टर लेकर घर से खेतों में पानी संभालने के लिए जा रहा था। रात करीब 2 बजे जब वह पक्की सड़क से अपने खेत में जाने वाले कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर लेकर उतरा तो उसने देखा कि एक पिकअप गाड़ी शमशेर के खेत में खड़ी है, जहां पर ट्यूबवेल लगाने के लिए लोहे के पाइप पड़े थे। दूसरी तरफ एक कार अशोक के खेत में खड़ी दिखाई दी। उसे शक हुआ कि यह लोग चोरी करने के लिए आए हुए हैं। उसने तुरंत अपने साथी पवन व मनीष को सूचना दी। वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत में पहुंचे। वहीं पिकअप में बैठे सभी व्यक्तियों ने जोर से आवाज लगाई कि या तो रास्ता से हट जाओ नहीं तो जान से मार देंगे। जिन्होंने अपनी गाड़ी ट्रैक्टर के साइड से निकालनी चाही तो उनकी पिकअप साथ लगती नाली में जा गिरी। इसके बाद गाड़ी से चार व्यक्ति उतरकर भाग गए। एसआई जयबीर ने कहा कि पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में जांच के दौरान कैथल जिले के किठाना निवासी अमित, मनदीप व सुनील को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।