जींद। प्रदेश सरकार की तरफ से छह और सात जनवरी को सीईटी (सामान्य पात्रता परीक्षा) आयोजित होगी। इसको लेकर रोडवेज प्रबंधन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक निशुल्क पहुंचाएगा।
दो दिन होने वाली सीईटी को लेकर रोडवेज प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इन दो दिनों में रोडवेज प्रबंधन अभ्यर्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा देगा। रोडवेज प्रबंधन ने बसों को स्पेशल भेजने को लेकर प्लान तैयार कर लिया है। शुरुआत में दो-चार बसों को ही स्पेशल के तौर पर रखा जाएगा। यदि अभ्यर्थियों की ज्यादा भीड़ हुई तो दूसरी बसों को बूथों पर लगाकर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र ले जाया जाएगा। हालांकि इस बार हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन ने प्रदेश के सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र पंचकूला बनाया है। बोर्ड के अनुसार इस बार पूरे प्रदेश से लगभग 2300 अभ्यर्थी ही सीईटी की परीक्षा देंगे।
जींद से इस बार 250 के आसपास ही अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस बार बसों में भीड़-भाड़ वाली स्थिति नहीं होगी, क्योंकि इस बार अभ्यर्थियों की संख्या बेहद कम है। सीईटी देने वाले सभी अभ्यर्थियों की रोडवेज बसों में टिकट नहीं लगेगी। सभी अभ्यर्थियों का अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक रोडवेज बसों में सफर निशुल्क रहेगा। इसके अलावा जो महिलाएं अभ्यर्थी हैं, वह अपने साथ सहायक के तौर पर पारिवारिक सदस्य को ले जा सकती हैं। रोडवेज बसों में सहायक को भी निशुल्क परिवहन सुविधा दी जाएगी। अभ्यर्थियों की परिवहन सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाप्रबंधक ने छह और सात जनवरी को स्पेशल तौर पर बसों की व्यवस्था रखने के निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा का यह रहेगा शेड्यूल
छह जनवरी को सुबह के सत्र में परीक्षा का समय 10:15 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रहेगा जबकि रिपोर्टिंग का समय सुबह 08:30 से 09:30 तक रहेगा। वहीं सांयकालीन सत्र की परीक्षा का समय दोपहर 03:15 बजे से शाम 05:00 बजे तक रहेगा, वहीं रिपोर्टिंग का समय दोपहर 01:30 से 02:30 बजे तक रहेगा। इसी प्रकार सात जनवरी को भी होने वाली परीक्षा के लिए यही शेड्यूल रहेगा।
पंचकूला के लिए सुबह 4:50 बजे चलेगी बस
शनिवार को सुबह के सत्र में होने वाली परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी जींद से सुबह पंचकूला जाने वाली पहली बस से जा सकते हैं। जींद बस अड्डे से पंचकूला के लिए पहली बस सुबह 4:50 पर चलेगी। इसके बाद अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से बसों को भेजा जाएगा। पंचकूला बूथ पर जैसे ही अभ्यर्थियों की भीड़ जमा होगी तो तुरंत रोडवेज कर्मचारी स्पेशल के तौर पर रखी हुई बस को पंचकूला के लिए रवाना कर देंगे। हालांकि इस बार डिपो के पास बसों की कमी नहीं है। डिपो में 90 नई बसें शामिल होने से रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या 198 हो गई है। अब डिपो को स्पेशल बसें रखने की जरूरत नहीं है। जैसे ही बूथ पर बस की जरूरत पड़ी तो तुरंत बाद बस को बूथ के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
वर्जन
प्रदेश सरकार की छह और सात जनवरी को होने वाली सीईटी को लेकर बसों की व्यवस्था की गई है। बसों में अभ्यर्थी निशुल्क सफर कर सकते हैं। महिला परीक्षार्थी के साथ एक सहायक भी निशुल्क सफर कर सकता है। सफर के दौरान परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड दिखाना होगा।
कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद