22जेएनडी02-बस अड्डा जींद, जहां से लाभार्थी को हैप्पी कार्ड मिलेंगे। संवाद
जींद। निदेशालय की तरफ से रोडवेज डिपो में 45 हजार 750 हैप्पी कार्ड पहुंच गए हैं। अब यह कार्ड एक्टिवेट होने भी शुरू हो गए हैं। लाभार्थी को दस्तावेज लेकर डिपो में आना होगा और 50 रुपये शुल्क के साथ हैप्पी कार्ड एक्टिवेट हो जाएगा।
फिलहाल मुख्यालय की और से 1200 हैप्पी कार्ड एक्टिवेट हुए हैं जिनके संदेश लाभार्थी के पास रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आ रहे हैं। जिले में अंत्योदय परिवारों के लिए सरकार की ओर से मार्च 2024 में हैप्पी कार्ड योजना शुरू की गई थी।
योजना के तहत लाभार्थी रोडवेज बसों में एक साल में एक हजार किलोमीटर सफर कर सकते हैं। पहले वाले हैप्पी कार्ड में से अभी भी 4800 से ज्यादा का वितरण पात्र लोगों को देना बाकी है। जिले में 1,07,401 हैप्पी कार्ड बने थे जिसमें से अभी 1,02,580 कार्ड पात्र लोगों को दिए जा चुके हैं जबकि 4821 कार्ड अभी भी नहीं बंटे हैं।
गौरतलब है कि सरकार ने अंत्योदय परिवारों के लिए रोडवेज बसों में एक वर्ष में एक हजार किलोमीटर की मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए हैप्पी कार्ड बनाए जाते हैं। एक लाख रुपये वार्षिक आय तक वाले व्यक्ति हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। व्यक्ति को अटल सेवा केंद्र से आनलाइन आवेदन करना होता है। कार्ड बनने पर पात्र व्यक्ति के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश आता है।
वर्जन
मुख्यालय की तरफ से डिपो में नए हैप्पी कार्ड भेजे गए हैं। कार्ड एक्टिवेट होने के बाद लाभार्थी के मोबाइल नंबर पर संदेश आएगा। जिन लोगों के कार्ड बन चुके हैं वह बस अड्डे से अपने कार्ड ले जाएं।
-राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद