27जेएनडी34: राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा देती छात्राएं। स्रोत प्रशासन
जींद। भिवानी शिक्षा बोर्ड के दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं के मद्देनजर जुलाना के एसडीएम होशियार ने सिंह शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पहले राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल जुलाना का निरीक्षण किया।
एसडीएम होशियार सिंह ने परीक्षाओं को नकलरहित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से करवाने के लिए केंद्र अधीक्षकों व ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रश्न-पत्र वितरण प्रक्रिया, सीसीटीवी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हो सकें। इस दौरान उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।