जींद। स्वतंत्रता दिवस समारोह की जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को एडीसी प्रदीप कुमार ने पुलिस लाइन मैदान का दौरा कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इसलिए समारोह की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। उन्होंने पुलिस लाइन मैदान में समारोह के दौरान होने वाली सांस्कृतिक टीमों की तैयारी, परेड विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदान की साफ-सफाई, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक प्रबंधों को समय रहते पूरा किया जाए। समारोह स्थल पर आने वाले आमजन एवं विद्यार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए समारोह स्थल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड तथा अन्य गतिविधियों की तैयारियों को भी निर्धारित समय के अनुसार पूरा करवाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करें।
एडीसी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित रूप से समीक्षा की जाए। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान सिंह मान, नगराधीश मोनिका रानी, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी देवी भी मौजूद रही।