02जेएनडी16: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना। संवाद
- फोटो : bhadrawah news
जुलाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं की कमी से क्षेत्र के मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में हाईटेक एक्सरे मशीन ताे है लेकिन हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में दुर्घटना, फ्रैक्चर और हड्डियों से संबंधित रोगों के मरीजों को इलाज के लिए रोहतक या जींद रेफर किया जा रहा है।
सीएचसी जुलाना पर कस्बे सहित आसपास के गांवों की आबादी निर्भर है। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं लेकिन आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को बाहर जाना मजबूरी बन गया है।
विभाग की ओर से एक्सरे मशीन तो हाइटेक लगवा दी लेकिन हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं होने से ऐसे में चिकित्सक भी मरीजों को जिला या मेडिकल कॉलेज रेफर करने को मजबूर हो जाते हैं। सड़क हादसों, गिरने से फ्रैक्चर, जोड़ों के दर्द और बुजुर्गों की हड्डियों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों को निजी अस्पतालों या दूरस्थ सरकारी अस्पतालों में जाना पड़ता है।
जुलाना सीएचसी में सुविधाओं के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए। अगर यह सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तो क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें मामूली जांच व इलाज के लिए रोहतक या जींद जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
वर्जन
हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी केवल जुलाना में ही नहीं है बल्कि सभी सीएचसी में यह समस्या है। केवल उपमंडल स्तर ही चिकित्सक उपलब्ध हैं। अगर जुलाना में भी विभाग चिकित्सक का प्रबंध करता है तो मरीजों को सुविधा मिलेगी।
- संजीव शर्मा, एसएमओ जुलाना।