संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले के गांव निडाना के पहलवान धीरज मलिक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। उन्होंने 20 जुलाई को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चयन ट्रायल में 77 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में स्थान पक्का किया।
धीरज के चयन की खबर मिलते ही गांव निडाना समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। धीरज मलिक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
धीरज के पिता कृष्ण कुमार असम राइफल्स में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई यशवीर मलिक भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान हैं। कुश्ती के इसी माहौल ने धीरज को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पिछले माह आयोजित एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में धीरज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था।
अब धीरज 16 से 23 अगस्त तक स्लोवाकिया में होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर सरपंच भूपेंद्र मलिक, खलीफा अजमेर और करण सिंह पहलवान ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कृष्ण पहलवान, दलबीर सिंह और कप्तान सिंह ने भी धीरज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
इंसेट
कोच और परिवार की उम्मीदें
डीपीई जोगिंद्र नेहरा ने बताया कि धीरज सरल स्वभाव, अनुशासित और बेहद मेहनती खिलाड़ी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि धीरज विश्व चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे। नेहरा ने कहा कि धीरज पदक जीतकर देश, प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। धीरज का परिवार भी उनके इस चयन से बेहद उत्साहित है।