चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने विवि के 984 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने खेल, शिक्षा, चिकित्सा व अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के बल पर पूरे विश्व में धाक जमाई है। इस दौरान उन्होंने विवि के टीचिंग ब्लॉक-एक, एक्सटेंशन और एसटीपी का उद्घाटन किया। जाने माने चिंतक एवं समाज सुधारक इंद्रेश कुमार, जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा, उचाना कलां से विधायक प्रेम लता ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान विश्वविद्यालय द्वारा इंद्रेश कुमार को पीएचडी की मानक उपाधि देकर सम्मानित किया गया।
राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा कि देश के युवाओं में अनंत प्रतिभा भरी हुई है। देश के युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम विश्व पटल पर चमकाया है। विद्यार्थियों के लिए डिग्री प्राप्त करना जीवन में मील का पत्थर होता है। भारत का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका हुआ है। निश्चित रूप से भारत एक बार फिर से विश्व गुरु बनने की और अग्रसर है। इंद्रेश कुमार ने कहा कि जल संवर्धन, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्वच्छता जैसे कार्यक्रमों को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। अगर हर व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखे तो यह विश्व स्वर्ग के समान सुंदर बन सकता है। दुनिया योग को अपना रही है। दुनिया के ज्यादातर देशों ने योग के महत्व को माना है। उन्होंने कहा कि हमारा झंडा झुकेगा नहीं एक इंच देश घटेगा नहीं और बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
आपस में बात कर रहे दो नेताओं को टोका
जिस समय इंद्रेश कुमार संबोधित कर रहे थे तो मंच के सामने दो नेता आपस में बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देश की अखंडता के लिए लोगों के हाथ उठवाए तो नेताजी अपनी बातचीत में व्यस्त रहे। इस पर इंद्रेश कुमार ने उन्हें टोकते हुए कहा कि भगवान उन्हें स्वर्ग में स्थान दे। जो लोग सुन नहीं सकते, उन्हें चला जाना चाहिए।