फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: नागरिक अस्पताल में ठीक नहीं हुई एक्स-रे मशीन, प्रतिदिन होते थे 200 से 250 मरीजों के एक्स-रे

विज्ञापन
28जेएनडी13: नागरिक अस्पताल के टीबी वार्ड में बंद पड़ी एक्सरे मशीन। संवाद
विज्ञापन
जींद। नागरिक अस्पताल में पिछले दो दिनों से एक्स-रे मशीन बंद पड़ी होने के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। हालात यह हैं कि दुर्घटना में घायल मरीजों से लेकर विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे लोगों को एक्स-रे कराने के लिए निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


इससे न केवल मरीजों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है बल्कि समय पर इलाज में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। नागरिक अस्पताल के नए भवन में स्थापित एक्स-रे मशीन दो माह पहले जीर्णोद्धार कार्य के चलते बंद कर दी गई थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने टीबी वार्ड में स्थित एकमात्र एक्स-रे मशीन के जरिए पूरे अस्पताल की जरूरतें पूरी की जा रही थीं।
इसी मशीन से प्रतिदिन 200 से 250 मरीजों के एक्स-रे किए जा रहे थे। अधिक लोड के चलते अब यह मशीन भी खराब हो गई है। मशीन खराब होने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने इंजीनियर को बुलाया था लेकिन दो दिन बीत जाने के बावजूद एक्स-रे मशीन अब तक ठीक नहीं हो सकी है।
विज्ञापन

मशीन बंद होने से अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, हड्डी टूटने, सीने की बीमारी, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
अस्पताल में मेडिकल जांच कराने आए मरीज बुधवार सुबह से ही लंबी कतारों में लगकर एक्स-रे की उम्मीद करते रहे लेकिन मशीन बंद होने की जानकारी मिलने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
बिना एक्स-रे कराए वापस लौटे मरीज
कई मरीजों ने बताया कि सरकारी अस्पताल में मुफ्त या कम खर्च में इलाज की उम्मीद लेकर आए थे लेकिन मजबूरन निजी जांच केंद्रों में रुपये खर्च कर एक्स-रे कराने पड़ रहे हैं। ऐसे में निजी अस्पतालों में जांच कराना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है। कई मरीज बिना एक्स-रे कराए ही वापस लौट गए। इससे उनकी बीमारी और गंभीर होने का खतरा बना हुआ है।

एक्स-रे जैसी बुनियादी जांच सुविधा का लंबे समय तक बंद रहना बेहद चिंताजनक है। इससे इलाज में देरी होती है और मरीजों की जान तक खतरे में पड़ सकती है। सरकारी अस्पतालों में जरूरी मशीनों के रखरखाव और वैकल्पिक व्यवस्था की कमी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। -सुनील वशिष्ट



जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग है कि एक्स-रे मशीन को तुरंत दुरुस्त कराया जाए या वैकल्पिक रूप से अस्थायी मोबाइल एक्स-रे यूनिट की व्यवस्था की जाए ताकि मरीजों को राहत मिल सके। साथ ही नए भवन में बंद पड़ी मशीन को भी शीघ्र चालू किया जाए। -सुनील राज बामणिया, एडवोकेट

एक्स-रे मशीन में तकनीकी कमी आने के कारण बंद हुई है। मशीन के बंद होने की जानकारी मिलते ही इंजीनियर को बुलाया था लेकिन मशीन ठीक नहीं हुई। अब प्रयास है कि मशीन को जल्द ठीक करवाया जाएगा। इस पर भी काम चला हुआ है। इसके अलावा नए भवन में एक्स-रे मशीन जल्द ही शुरू करवाने का प्रयास है। -डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें