जींद। नागरिक अस्पताल में तीन दिनों से बंद पड़ी एक्स-रे सुविधा आखिरकार शुक्रवार को शुरू हो गई है। एक्स-रे सेवा शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिली है।
अमर उजाला ने 28 और 29 जनवरी के अंक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और तकनीकी खामी को दूर कर एक्स-रे सेवा शुरू करवाई। अब मरीजों को ओपीडी और इमरजेंसी दोनों में ही सुविधा मिल रही है।
तकनीकी खराबी के चलते नागरिक अस्पताल की एक्स-रे मशीन तीन दिन तक बंद रही। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह परेशानी और भी गंभीर हो गई थी क्योंकि निजी अस्पतालों में एक्स-रे जांच पर उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा था।
सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय दुर्घटना और आपातकालीन मामलों में आने वाले मरीजों को हो रही थी। एक्स-रे सुविधा उपलब्ध न होने के कारण कई बार गंभीर रूप से घायल मरीजों को रोहतक पीजीआई में रेफर करना पड़ता था। इससे इलाज में देरी होती थी और मरीजों की जान को भी खतरा बना रहता था। परिजन भी अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज थे।
अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीज विनोद, राहुल, कमला, अक्षय का कहना है कि अब उन्हें बाहर भटकना नहीं पड़ेगा और समय पर जांच होने से इलाज भी जल्दी शुरू हो सकेगा।
वर्जन
एक्स-रे मशीन में खराबी आने के कारण मरीजों को परेशानी हुई थी। इसको गंभीरता से लेते हुए ठीक करवा दिया है। भविष्य में इस तरह की परेशानी न हो इसके लिए भी व्यवस्था की गई है। जल्द ही दो डिजिटल एक्स-रे मशीन भी अस्पताल में स्थापित करवाई जाएंगी।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।