08जेएनडी35-शैक्षणिक भवनों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कुलपति प्रो. सैनी
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुरुआत 24 जुलाई से होनी है। इससे पूर्व 16 और 17 जुलाई को प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। मंगलवार को कुलपति प्रोफेसर डॉ. रामपाल सैनी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक भवनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि नए सत्र की शुरुआत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कुलपति प्रो. सैनी ने विशेष रूप से कक्षाओं में बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, विभागीय कार्यालयों की सक्रियता और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति पर बल दिया। शिक्षकों के लिए भी कार्यालयों में बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे वे सुचारू रूप से शिक्षण कार्य कर सकें।
प्रो. सैनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ एक सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षण व गैर शिक्षण स्टाफ यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुव्यवस्थित रूप से तैयार रहें, ताकि नया सत्र सहज व सुचारू रूप से शुरू हो सके।