फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: बड़ौदा की कबड्डी नर्सरी से निखर रही बेटियों की प्रतिभा, अवनी ने राज्य स्तर तक भरी उड़ान

विज्ञापन
01जेएनडी32: गांव की खेल नर्सरी में ​खिलाड़ियों को अभ्यास करवाते हुए कोच रीतू चाहर। संवाद - फोटो : टूंडला सुभाष चौराहे पर पुलिस को जानकारी देता बस चालक व कंडक्टर संवाद
विज्ञापन
जींद। गांव बड़ौदा के स्कूल में शुरू की गई कबड्डी खेल नर्सरी ग्रामीण बेटियों के लिए खेलों में आगे बढ़ने का नया मंच बन रही है। महज सात महीने पहले शुरू हुई इस नर्सरी में 30 छात्राएं नियमित रूप से कबड्डी का प्रशिक्षण ले रही हैं।
विज्ञापन

कम समय में ही नर्सरी की दो खिलाड़ी अवनी और सुनैना जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। वहीं, अवनी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। इन उपलब्धियों से दूसरी छात्राओं का उत्साह भी बढ़ रहा है।
नर्सरी में प्रशिक्षण लेने वाली सभी छात्राएं स्कूल में पढ़ती हैं। उन्हें कोच रीतू चाहर सुबह और शाम नियमित अभ्यास करवाती हैं। छात्राएं प्रतिदिन करीब चार घंटे मैदान में अभ्यास करती हैं। इस दौरान उन्हें कबड्डी की बारीकियों के साथ रेड, डिफेंस और खेल की अन्य तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। कोच प्रत्येक खिलाड़ी की क्षमता और प्रदर्शन के अनुसार उसकी तैयारी पर विशेष ध्यान देती हैं, ताकि प्रतियोगिताओं में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।
विज्ञापन

कोच रीतू चाहर स्वयं भी खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। वह ऑल इंडिया इंटरनेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने बताया कि नर्सरी शुरू हुए अभी सात महीने ही हुए हैं और इतनी कम अवधि में एक खिलाड़ी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचना उत्साहजनक है। उनका लक्ष्य है कि आने वाले समय में गांव की बेटियां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएं।
नर्सरी बंद होने से बेटियों को नहीं मिल रहा था प्रशिक्षण का अवसर
गांव में करीब दो साल पहले एक खेल नर्सरी संचालित होती थी लेकिन बाद में वह बंद हो गई। इसके कारण खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। अब स्कूल में दोबारा कबड्डी नर्सरी शुरू होने से गांव की छात्राओं को घर के पास ही बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। कोच रीतू चाहर का प्रयास है कि अधिक से अधिक बेटियां कबड्डी से जुड़ें और भविष्य में जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें