08जेएनडी33: कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को सम्मानित करते हुए आयोजक। स
जींद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को पटवार भवन में जिले की महिलाओं और युवतियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। जनवादी महिला समिति, सर्व कर्मचारी संघ और क्रेच वर्कर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का केंद्र महिला समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा रानी, पूनम पटवारी और सुशीला ने की जबकि मंच संचालन मनीष द्वारा किया गया। समारोह में छात्राओं ने बेटियों को खूब पढ़ाओं और घरेलू हिंसा के खिलाफ चुप की चुनरियां फाड़ भगाओ जैसे गीतों पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर समाज को झकझोरने का काम किया। इसके साथ ही चेयर रेस व अन्य प्रतियोगिताओं ने महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास भरा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचीं सीडीपीओ संतोष यादव ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। समिति की कोषाध्यक्ष नूतन प्रकाश ने महिला दिवस के वैश्विक संघर्ष और आर्थिक आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर जसमीत कौर, सुमन, गीता और नीलम मौजूद रहीं।