जुलाना। हांसी रोड पर स्थित रैन बसेरे का मंगलवार को जुलाना के एसडीएम होशियार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगरपालिका के सचिव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम को देखते हुए यहां ठहरने वाले बेघर लोगों और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
विज्ञापन
एसडीएम होशियार सिंह ने कहा कि ठंड लगातार बढ़ रही है। रैन बसेरे में बेघर लोगों और यात्रियों के ठहरने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
नगरपालिका प्रशासन की ओर से रैन बसेरे में कुल 20 बेड लगाए गए हैं। इनमें से 10 बेड पुरुषों के लिए और 10 बेड महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा यहां साफ-सुथरे शौचालय की भी व्यवस्था की गई है ताकि ठहरने वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन
एसडीएम ने साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि रैन बसेरा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच स्थित है जिससे यात्रियों को यहां पहुंचने में आसानी होती है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रैन बसेरे में मौजूद व्यवस्थाओं को नियमित रूप से जांचने और जरूरत पड़ने पर सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सर्दी के मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो।