जींद। सामाजिक संस्था सोसाइटी फोर एडवांसमेंट ऑफ विलेज एंड अर्बन इंवायरमेंट ‘सेव’ ने रविवार सुबह आठ बजे शहर के भींदवाला श्मशान घाट सेक्टर सात रजवाहे के पास स्वच्छता अभियान चलाया। यह संस्था का 447वां स्वच्छता अभियान था जो संस्था प्रधान नरेंद्र नाडा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
अभियान में सेव संस्था के सदस्यों ने श्मशान घाट कार्यकारिणी के सदस्यों और नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ मिलकर क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को साफ किया। सफाई के साथ संस्था सदस्यों ने वहां आने-जाने वाले लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया और साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया।
संस्था सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वह हर प्रकार का कूड़ा डस्टबिन में ही डालें और उसे नगर परिषद की कूड़ा गाड़ी को दें। उन्होंने कहा कि कई लोग घरों से कूड़ा लाकर स्कूटी, बाइक या चलती गाड़ियों से खुले में फेंक देते हैं, जो न केवल गलत है बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। जब तक हर व्यक्ति डस्टबिन का नियमित उपयोग नहीं करेगा तब तक स्वच्छता को कायम रखना संभव नहीं है।
इस अवसर पर अनिल गौतम, डीएन भारती, कृष्ण शर्मा, बलबीर सिंह श्योकंद, रोहतास गुप्ता, बलबीर ईगराह (सेवानिवृत्त बीएसएफ इंस्पेक्टर), सुजान सिंह पूनिया, हरवीर सिंह, विनय सैनी, गजराज मौजूद रहे।