जींद। सफीदों शहर में इन दिनों सफाई व्यवस्था बेपटरी है। इसके चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। साफ-सफाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के लोगों की समस्या को देखते हुए समस्या का फरवरी के बाद समाधान होगा। मार्च से शहर का सारा कूड़ा ट्रीटमेंट के लिए प्लांट में पहुंचाया जाएगा। इस कारण शहर के लोगों को कोई परेशानी नहीं आएगी।
नपा के पास शहर से आए दिन निकलने वाले कूड़े को एकत्रित करने के लिए कोई जमीन नहीं है। नपा के अधिकारियों द्वारा हर साल कूड़ा उठान को लेकर साफ-सफाई तक का ठेका ठेकेदार को दिया जाता है। ठेकेदार ने कूड़े को इकट्ठा करने के लिए हुडा के सेक्टर के समीप सेवाराम नाम के व्यक्ति से जमीन ठेके पर ले रखी थी जिसका समय पूरा होने के कारण वहां पर कूड़ा नहीं डालने दिया जा रहा है।
ऐसे में शहर मेें जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि कूड़े की बात की जाए तो आए दिन शहर से 20 टन गीला व सूखा कूड़ा एकत्रित किया जाता है।
बॉक्स
ठेका 7 माह पहले हो चुका समाप्त
शहर में सफाई के ठेके को समाप्त हुए करीब सात माह बीत चुके हैं। पहले जिस एजेंसी को ठेका दिया गया था उसी एजेंसी को अस्थायी तौर पर ठेका दे रखा है। पिछले वर्ष 15 अगस्त को ठेका समाप्त हो चुका है। ठेका समाप्त होने के बाद से ही लोगों को कूड़े का उठान न किए जाने की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बॉक्स
संसाधनों पर एक नजर
नपा ने शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए ठेकेदार को ठेका दे रखा है। ठेकेदार के पास 78 कर्मचारी हैं जो डोर-टू-डोर के साथ रात व दिन के समय सफाई करते हैं। 19 कर्मचारी नपा के पास हैं। वहीं 12 कर्मचारी पालिका बेस पर लगाए गए हैंं। कुल 109 कर्मचारी साफ-सफाई करते है। वहीं कूड़े के उठान के लिए ठेकेदार के पास 18 छोटे-बड़े ट्रैक्टर-ट्राॅली व टीपर हैं। नौ नपा के ट्रैक्टर-ट्राॅली हैं, 1 बुलडोजर और एक लोडर नपा के पास है। संकरी गलियों से कूड़ा उठान के लिए 20 रेहड़ी ठेकेदार व 17 रेहड़ी नपा की है। हर माह की बात करें तो सफाई व्यवस्था को बनाए रख्खने के लिए करीब 15 लाख 53 हजार रुपये का खर्च नपा द्वारा किया जाता है।
शहर से प्रतिदिन करीब 20 टन कूड़ा एकत्रित होता है। जिले के सभी शहरों का कूड़ा जींद के ट्रीटमेंट प्लांट में जाएगा। 20 टन की क्षमता रखने वाले वाहन में इसको भेजा जाएगा। 20 फरवरी को वेंडर सलेक्शन होने के बाद 23 फरवरी को टेंडर खोले जाएंगे जिसके बाद साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त होगी।- आशीष कुमार, नपा सचिव सफीदों।