25जेएनडी18: प्राचार्य संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज। संवाद
जींद। स्नातक (यूजी) कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। 30 जून को आवेदन की अंतिम तिथि है लेकिन उससे पहले ही राजकीय पीजी कॉलेज में विभिन्न संकायों के लिए 2632 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
इस बार विद्यार्थियों ने सबसे अधिक रुचि बीए कला संकाय में दिखाई है जहां 600 सीटों के लिए करीब 1400 आवेदन पहुंचे हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार अब तक 1390 आवेदन सत्यापन के लिए दाखिला कमेटी के पास पहुंचे हैं। इनमें से 1376 आवेदनों का सत्यापन पूरा हो चुका है जबकि 14 आवेदन लंबित हैं।
वहीं, 40 आवेदनों में त्रुटियां पाए जाने पर आपत्तियां लगाई गई हैं। इनमें 34 आपत्तियां केवल बीए कला संकाय से संबंधित हैं। इसके अलावा बीसीए में दो तथा बीएससी लाइफ साइंस और बीएससी फिजिकल साइंस में एक-एक आवेदन पर आपत्ति दर्ज की गई है।
किन सीटों पर कितने आए आवेदन
बीए कला संकाय में 1396 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा बीसीए में 120 सीटों के लिए 374, बीकॉम में 220 सीटों के लिए 266, बीबीए में 40 सीटों के लिए 171 और बीएससी लाइफ साइंस में 170 सीटों के लिए 282 आवेदन आए हैं। वहीं, बीएससी फिजिकल साइंस में 300 सीटों के मुकाबले 159 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वर्जन
विद्यार्थियों के आवेदन लगातार प्राप्त हो रहे हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से मेरिट सूची का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वे अंतिम तिथि 30 जून से पहले ऑनलाइन आवेदन कर अपना दाखिला सुनिश्चित करें।
-डॉ. सत्यवान मलिक, प्राचार्य संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज