पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा के आह्वान पर रोहतक में पुरानी पेंशन अधिकार चेतावनी यात्रा निकाली गई। यात्रा रोहतक के मानसरोवर पार्क से वित्त मंत्री आवास कैप्टन अभिमन्यु के घर तक निकाली गई । पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप लाठर ने कहा कि नई पेंशन स्कीम में कर्मचारियों को अपना भविष्य गर्त में जाता दिखाई दे रहा है, लेकिन सरकार इसके बावजूद भी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल नहीं कर रही। इसके चलते कर्मचारियों ने यह यात्रा निकालकर रोष प्रकट किया। 13 सितंबर को वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साथ मांगों को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। इसके बाद भी अगर कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो कर्मचारी और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
लाठर ने कहा कि एक विधायक व सांसद आज तीन-तीन, चार-चार पेंशन और अनेकों भत्ते ले रहे हैं, जबकि उनको पेंशन व भत्ते लेने का कोई अधिकार नहीं है। एनपीएस कर्मचारियों के साथ छलावा किया जा रहा है, जबकि इससे कर्मचारियों और सरकार के खजाने को कॉरपोरेट क्षेत्र में लगाकर उनकी कटपुतली बनाया जा रहा है। इसलिए आज जनता और कर्मचारी जागरूक हो चुका है और वे अपना हक पुरानी पेंशन लेने के लिए कोई भी आंदोलन करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में एक सितंबर को करनाल में मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली आक्रोश यात्रा में भी जींद जिले से भारी संख्या में कर्मचारी हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर जिला जींद ब्लॉक प्रधान देवीलाल सहारण, डॉ. प्रदीप सिंह, जितेंद्र, राधेश्याम, संजय गिल, मोहनलाल गर्ग, नवदीप ढांडा, जसबीर चहल, परवीन सैनी, सतीश सैनी, बलकार रेढू, नरेंद्र शर्मा, राममेहर रेढू मौजूद रहे।