सफीदों। मां-बेटे की हत्या के आरोपी रोहतक की सूर्या कॉलोनी निवासी अजय को चार दिन के रिमांड के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी से रिमांड के दौरान बाइक, मोबाइल फोन तथा मृतकों के आधार कार्ड बरामद किए हैं। मोबाइल फोन व बाइक पहले ही दिन बरामद कर ली गई थी। 22 सितंबर को पुलिस ने पंजाब से तीनों के आधार कार्ड बरामद किए थे। वहीं पुलिस ने सीन को रिक्रिएट भी करवाया।
16 सितंबर को सफीदों शहर के वार्ड नंबर दो के एक बंद पड़े मकान के बाथरूम में एक महिला व एक बच्चे का गला-सड़ा शव बरामद हुआ था। उसके दो दिन बाद पुलिस ने 18 सितंबर को मनीष निवासी गांव भागलपुरी, तहसील बेरी, जिला, झज्जर को तलब किया था। उसने बताया था कि 14 अगस्त को उनकी पत्नी कोमल (25), अरनव (5) व आरव (6) लापता हो गए थे। 21 अगस्त को 24 धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज करवाया था। 11 सितंबर को उसका बेटा आरनव उर्फ कबीरा (5) कस्बा बलौंगी, जिला मोहाली, पंजाब के जंगलों में सुनसान जगह व घायल मिला था। उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है।
जांच के दौरान मनीष ने किराये के मकान से बरामद कपड़ों की पहचान करने के साथ पत्नी कोमल (25) व बेटे आरव (6) के रूप में शव की पहचान की थी। मनीष ने उसकी पत्नी व बच्चे की हत्या करने में रिश्तेदार अजय निवासी सूर्या काॅलोनी, रोहतक पर शक जताया था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे और उसकी पत्नी प्रियंका उर्फ पिंकी को गिरफ्तार कर लिया था। उसके उपरांत दोनों आरोपियों की शिनाख्त पर आरोपी अजय की बुआ के लड़के विनोद उर्फ केडी सिरोही निवासी डिडवाड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
वर्जनचार दिन के रिमांड के दौरान अजय से मोबाइल फोन, बाइक व मृतकों के आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। यह आधार कार्ड उसने पंजाब में छिपा दिए थे। पुलिस उसे लेकर पंजाब गई और वहां से आधार कार्ड बरामद कर लिए हैं। अदालत ने सोमवार को आरोपी अजय को जेल भेजने के निर्देश दिए। -ईश्वर सिंह, शहर थाना प्रभारी, सफीदों।
23जेएनडी25 : आरोपी अजय। स्रोत पुलिस