07जेएनडी16-महात्मा ज्योतिबा फूले शेड का शिलान्यास करते हुए मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। स्रोत ग्राम
नरवाना। रविवार देर शाम नरवाना हलके के गांव हंसडैहर में हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि गांवों के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सामूहिक हित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने करीब 37 लाख रुपये की लागत से तैयार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
कैबिनेट मंत्री ने 15 लाख रुपये से बनी ई लाइब्रेरी का उद्घाटन किया, वहीं 11-11 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिंदुसर तीर्थ के लंगर हॉल और महात्मा ज्योतिबा फु ले शेड का शिलान्यास किया। मंत्री बेदी ने कहा कि गांव वासियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी उन्हें विजयी बनाया।
इस विश्वास पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि गांव की दो करोड़ रुपये से अधिक राशि की सभी पांच मांगें स्वीकार कर ली गईं हैं। इसके अलावा गुरुद्वारा कमेटी की ओर से प्रस्तावित धन्ना भगत लंगर हॉल और सोलर प्लेट लगाने की मांग पर भी सहमति जताई। साथ ही गांव के विकास के लिए अतिरिक्त एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई।
कैबिनेट मंत्री ने घोषणा की कि गांव के सीवर को गंदे नाले से जोड़ा जाएगा। स्कूल में सोलर प्लेट लगाई जाएगी और एक मिनी स्टेडियम भी बनाया जाएगा। गांव से रेवर तक की चार किलोमीटर सडक़ को भी पक्का किया जाएगा, बशर्ते जमीन दी जाए।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे उनके जनप्रतिनिधि के रूप में 24 घंटे उपलब्ध हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, रिछपाल शर्मा, हंसराज समैण, बलदेव वाल्मीकि , सुशील शास्त्री, सरपंच जरनैल, समाजसेवी हरदीप, डॉ. कृष्ण नैन, वकील राजेश शर्मा भी मौजूद रहे।