05जेएनडी41-कार्यक्रम में मुख्यातिथि को सम्मानित करते हुए।
- फोटो : स्रोत ग्रामीण
नरवाना। प्राचीन सरस्वती सरोवर बिंदुसर तीर्थ हंसडेहर में अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के उद्घाटन समारोह में हवन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान मां सरस्वती वंदना व श्लोक उच्चारण स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के डिप्टी चेयरमैन धुम्मन सिंह किरमच पहुंचे।
मुख्यातिथि ने कहा कि उनका लक्ष्य विलुप्त हुई सरस्वती नदी को दोबारा जीवित करना है और उन प्राचीन तीर्थ को खोलना है, जहां सरस्वती प्राचीन काल में बहती थी। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के कार्यक्रम आदि बद्री पिहोवा, हसंडेहर व कई अन्य जगहों पर धूमधाम से आयोजित किया गया। इससे श्रद्धालुओं को सरस्वती के इतिहास के बारे में जागृत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्राचीन विरासत को जागृत करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अथक प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ही मौके पर धूमन सिंह किरमच ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी से बात की और बिंदुसर तीर्थ कमेटी की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि कोऑपरेटिव सोसाइटी बैंक हरियाणा के अध्यक्ष अमरपाल राणा ने शिरकत की। अमरपाल राणा ने कहा कि सरस्वती महोत्सव को जो स्वरूप सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड देना चाहता था, वह यहां देखने को मिला है। कार्यक्रम में कनिष्ठ अभियंता अरविंद कौशिक, ज्ञानचंद, सरपंच जरनैल सिंह, हरदीप सिंह, संपूर्ण सिंह, मेजर सिंह, नरेश, केवल सिंह, सुनील, ओम प्रकाश, जगपाल सिंह, अजय सिंह, जस्सू, बलविंद्र व दिनेश भी मौजूद रहे।