जींद। मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले से पहले स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज और नागरिक अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। चार सदस्यीय टीम ने विभिन्न वार्डों, उपकरणों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिसकी रिपोर्ट नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) और राज्य सरकार को सौंपी जाएगी। चार राज्यों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को शामिल कर गठित टीम ने मेडिकल कॉलेज के प्रत्येक वार्ड, ओपीडी, प्रयोगशालाओं और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
टीम ने वहां उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का भी आकलन किया। इसके बाद टीम नागरिक अस्पताल पहुंची, जहां गायनी वार्ड सहित विभिन्न विभागों में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
टीम के सदस्य डॉ. अशोक ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर तैयार की जाने वाली रिपोर्ट पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसे सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। यह रिपोर्ट नेशनल मेडिकल कमीशन और राज्य सरकार को भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन कर रिपोर्ट तैयार करना है। निरीक्षण के दौरान टीम ने हर पहलू की जानकारी जुटाई और आवश्यक बिंदुओं का रिकॉर्ड भी तैयार किया। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया और भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।