पिल्लूखेड़ा। गांव रजाना खुर्द और सेढ़ा माजरा में विभाग की संयुक्त टीम ने जल घर और डोर टू डोर विजिट कर पेयजल के सैंपल जांचे। ग्राम जल एवं सीवरेज समिति की बैठक का आयोजन भी किया गया, जिसमे ग्रामीणों ने पेयजल के खुले नलों का मुद्दा उठाया। इस कारण से पेयजल की बर्बादी हो रही है।
गांव रजाना खुर्द में जन स्वास्थ्य विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना, कनिष्ट अभियंता सागर, खंड समन्वयक सुरेंद्र दुग्गल और विभाग के आरएमई स्टाफ की टीम ने दौरा किया जबकि सेढ़ा माजरा में उपमंडल अभियंता सुनीता के नेतृत्व में कनिष्ट अभियंता विनय कुमार, खंड समन्वयक कुशल शर्मा और विभाग के आरएमई स्टाफ की टीम ने गांव का दौरा किया। जिला सलाहकार रणधीर मताना ने सिंगल विलेज स्कीम के फायदे के बारे में विस्तार से बताया। जबकि केमिष्ट विरेंद्र सिहं ने पेयजल जांच के बारे में बताते हुए क्लोरिनेशन चेक करने की ट्रेनिंग कर्मचारियों को दी। कनिष्ट अभियंता सागर ने लीकेज और अस्वच्छ कनेक्शन के बारे में बताया जबकि खंड समन्वयक सुरेन्द्र दुग्गल ने जल संरक्षण, स्कूल में बच्चों को साफ -सफाई के बारे में बताया। ग्रामीणों ने कहा कि कुछ पेयजल उपभोक्ता नलों पर टेप नहीं लगाते हैं। इसके कारण खुले नलों से पेयजल की बर्बादी होती रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। टीम ने जल घर में स्टोरेज टैंक, कलियर वाटर टैंक, फिल्टर, चैंबर, क्लोरिनेशन सिलेडर व पेयजल स्त्रोत के आस-पास साफ-सफाई को चेक किया।