26जेएनडी02: सीआरएसयू का मुख्य गेट। स्रोत : सीआरएसयू
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आधारभूत सुविधाओं और सुंदरीकरण को गति दी जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने हर्बल पार्क और गेस्ट हाउस क्षेत्र में विकास कार्य करवाने की योजना तैयार की है। परियोजना पर करीब 32.59 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चार जून को बिड खुलेगी
विश्वविद्यालय में टीचिंग ब्लॉक के पास स्थित हर्बल पार्क में विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए फुटपाथ का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा गेस्ट हाउस के पास इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ आवागमन भी आसान होगा।
बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। हर्बल पार्क विश्वविद्यालय परिसर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जहां विद्यार्थी औषधीय पौधों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं।
फुटपाथ बनने से यहां आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं गेस्ट हाउस के आसपास इंटरलॉकिंग ब्लॉक लगने से परिसर अधिक व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देगा। इससे पहले भी सीआरएसयू में स्ट्रीट लाइटों के लिए टेंडर लगाया गया था। विश्वविद्यालय परिसर में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है।
वर्जन
विश्वविद्यालय परिसर में लगातार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों और आगंतुकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। चार जून को टेंडर की बिड खुलने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित समयावधि में कार्य शुरू करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इन विकास कार्यों से परिसर की सुंदरता और सुविधाओं में काफी सुधार देखने को मिलेगा।
-प्रोफेसर रामपाल सैनी, कुलपति सीआरएसयू