03जेएनडी20: नरवाना में मिठाई की दुकान पर जांच करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी। स्रोत
नरवाना। त्योहारों के सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिठाई की दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमन प्रकाश ने विभिन्न दुकानों से मिठाइयों के 18 नमूने एकत्रित किए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा सके।
अभियान के दौरान अधिकारी ने दुकानदारों को मिठाइयां तैयार करने और बेचने में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाला दूध, मावा, घी और अन्य सामग्री अच्छी गुणवत्ता की होनी चाहिए। मिठाइयां स्वच्छ स्थान पर तैयार की जाएं और उन्हें हमेशा ढककर रखा जाए, ताकि धूल और गंदगी से बचाव हो सके।
अमन प्रकाश ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी और घटिया सामग्री से बनी मिठाइयां लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना दुकानदारों की जिम्मेदारी है। विभाग की ओर से आगे भी इस तरह के जांच अभियान जारी रहेंगे।