जींद। जिले में वीरवार अलसुबह आंधी के साथ मानसून की पहली बारिश हुई। बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली। नरवाना में सात, जुलाना में छह, जींद और सफीदों में 2-2, उचाना और पिल्लूखेड़ा में 3-3 व अलेवा में पांच मिमी. बारिश दर्ज की गई। तापमान में एक डिग्री गिरावट दर्ज की गई है।
वीरवार सुबह सुबह चार बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटा रही और नमी 56 प्रतिशत तक पहुंच गई। तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
वहीं किसानों के चेहरों पर भी उम्मीद की मुस्कान लौट आई है। यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर बारिश होती रही तो खरीफ फसलों के लिए यह मौसम काफी अनुकूल साबित हो सकता है। हालांकि बारिश और आंधी के कारण ज्वार की फसल पूरी तरह से बिछ गई है।
आंधी-बारिश से गुल हुई बिजली
आंधी-बारिश से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर निगम को 200 से ज्यादा शिकायतें मिलीं। इसके बाद बिजली निगम की टीमें सुबह से ही फॉल्ट ठीक करने में जुट गईं। कुछ इलाकों में बिजली कुछ घंटों में बहाल हो गई जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मरम्मत का काम दोपहर तक चलता रहा।
बारिश का फसलों को मिलेगा फायदा
बारिश से खरीफ की फसलों जैसे धान, बाजरा, कपास और चारे की फसलों को फायदा मिलेगा। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार में सुधार होगा और किसानों की सिंचाई लागत भी कम होगी। हालांकि तेज आंधी के कारण ज्वार की फसल को नुकसान पहुंचा है कई जगह फसलें बिछ गई हैं।
वर्जन
जिले में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बीच-बीच में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
-डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद
फोटो 02जेएनडी05-नरवाना क्षेत्र में सुबह बारिश के बाद छाए आसमान में बादल। संवाद