31जेएनडी21: राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रंगोली दिखाती हुई छात्राएं। स्रोत संस्थान
जींद। हिंदू कन्या महाविद्यालय में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर चुनावी साक्षरता क्लब की तरफ से रंगोली निर्माण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. पूनम मोर ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल प्रतिभा को निखारती हैं बल्कि सामाजिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करती हैं। उन्होंने छात्राओं को निरंतर ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संपूर्ण संयोजन चुनावी साक्षरता क्लब की संयोजिका डॉ. सुषमा गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। छात्राओं ने रंगों और विचारों के माध्यम से मतदान के महत्व, मतदाता की जिम्मेदारी तथा लोकतंत्र में सक्रिय सहभागिता की भावना को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में रंगोली निर्माण में दस छात्राओं तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता में 20 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को जिला निर्वाचन कार्यालय की तरफ से नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।