02जेएनडी35: सीआरएसयू में जनसंचार विभाग की कार्यशाला में मौजूद अतिथि व विद्यार्थी। स्रोत :सीआर
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) के जनसंचार विभाग में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक विकास पर एक विशेष शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम हुआ। विशेष अतिथि सीडीएलयू, सिरसा से प्रो. अमित सांगवान और गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार से प्रो. माहिर रंजन पात्रा ने शिरकत की।
संवाद कार्यक्रम के दौरान दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ मीडिया साक्षरता, इंटर्नशिप के महत्व, कौशल विकास, प्रैक्टिकल वर्क और मीडिया क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि व्यावहारिक अनुभव और तकनीकी दक्षता भी अत्यंत आवश्यक है। व
क्ताओं ने न्यूज प्रोडक्शन, कंटेंट क्रिएशन, फील्ड रिपोर्टिंग और रिसर्च ओरिएंटेशन जैसे विषयों पर भी उपयोगी जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अजमेर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रामपाल सैनी के मार्गदर्शन में जनसंचार विभाग को अकादमिक एवं व्यावहारिक दृष्टि से और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग में थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल और स्किल-बेस्ड लर्निंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि विद्यार्थी मीडिया इंडस्ट्री की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
संवाद सत्र में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अकादमिक अध्ययन के साथ इंटर्नशिप और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग को अनिवार्य रूप से जोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मीडिया क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, जमीनी अनुभव और सीखने की जिज्ञासा बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में विभाग प्रभारी डॉ. बलराम ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।