02जेएनडी25-शहर की दुकान पर ग्राहकों को साड़ी दिखाते हुए दुकानदार सावर गर्ग। संवाद
जींद। शादी का सीजन शुरु होते ही शहर के कपड़ा बाजारों में साड़ियों, लहंगों और चुन्नियों की दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ उमड़ रही है। खासतौर पर महिलाएं नए डिजाइन और ट्रेंड के कपड़ों की खरीदारी में व्यस्त दिखाई दे रही हैं। लड़कियों की पसंद मॉडर्न टच वाले लहंगे बने हुए हैं।
शहर का मेन बाजार शिव चौक, साड़ी मार्किट रोड, सिटी थाना, तांगा चौक पर साड़ियों और लहंगों की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक 20 हजार रुपये से लेकर सवा लाख रुपये तक के लहंगे खरीद रहे हैं।
वहीं साड़ियों की कीमतें भी दो हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक चल रही हैं। महिलाएं अपने पसंदीदा रंग और डिजाइन की साड़ी या लहंगा चुनने में घंटों बिता रही हैं। कढ़ाईदार, मिरर वर्क, जरी और सीक्वेंस डिजाइन वाले लहंगे खूब बिक रहे हैं।
वहीं हल्के वजन वाले सॉफ्ट नेट और जॉर्जेट फैब्रिक की साड़ियों की भी मांग बढ़ी है जिन्हें शादी के फंक्शन और रिसेप्शन दोनों में पहनने की चाह रखी जा रही है। दुल्हनों के लिए खास तौर पर तैयार किए गए डिजाइनर कलेक्शन भी बाजार में उपलब्ध हैं। जयपुर, सूरत और दिल्ली से आए डिजाइनर लहंगे लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं।
लड़कियों की पसंद मॉडर्न टच वाले लहंगे
शादी सीजन में पारंपरिक ड्रेस के साथ-साथ मॉडर्न टच वाले लहंगे और डिजाइनर साड़ियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं। लड़कियों का कहना है कि शादी एक बार होती है और वो अपनी शादी में सुदंर लगे इसलिए वो अपनी पसंद के कपड़ों पर अच्छी-खासी रकम खर्च करने जरा भी नहीं साेच रही।