नरवाना। धरोदी गांव में मकान से 80 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। आभूषणों की कुल कीमत 2.59 लाख रुपये बताई गई है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धरोदी निवासी कलीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जून को सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी जीतो के साथ खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान उनका बेटा साहिल पशुओं को पानी पिलाने के लिए जोहड़ पर गया हुआ था।
दोपहर बाद जब दोनों खेत से वापस घर लौटे तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो लोहे की पेटी खुली पड़ी थी और कमरे का सामान बिखरा हुआ था।
कलीराम के अनुसार, पेटी के लॉकर की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 80 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी हुए सामान में एक सोने का ढोल, एक सोने की ताबीज, दो जोड़ी सोने की बालियां, दो सोने के ओम, दो चांदी के तोड़े, दो चांदी के सिक्के शामिल हैं।
शिकायतकर्ता ने पड़ोस में रहने वाले मोहित पर चोरी का शक जताते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और चोरीशुदा सामान बरामद कराने की मांग की है। सदर थाना पुलिस ने कलीराम की शिकायत के आधार पर मोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।