जींद। एक कंपनी ने लोगों को मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए और भाग गई। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में 4 कंपनी संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
संतनगर निवासी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि पंजाब के बरनाला शहर निवासी बूटा सिंह, विकास जोशी और गुरमीत सिंह और मलकीत सिंह ने एक कंपनी बुल रन वे में उनसे और अन्य लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की राशि एकत्रित की। उन्होंने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर उनके साथ अपने क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने के लिए राजी कर लिया।
उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि वह क्रिप्टो ट्रेडिंग के क्षेत्र में कार्यरत हैं और निवेश पर बहुत अधिक मुनाफा देंगे। शुरू में विश्वास जीतने के लिए कुछ दिन रिटर्न भी दिया। बाद में भुगतान देना बंद कर दिया। आरोप लगाया कि उन्होंने 9,98,400 रुपये, राजेंद्र गांव जलालपुर खुर्द के डेढ़ लाख रुपये, सावित्री नगर निवासी सतनाम सिंह के 1.70 लाख, जलालपुर खुर्द निवासी सुलतान सिंह के 5 लाख, बड़ौदा निवासी सत्यपाल के 7 लाख रुपये और सरोज बाला के 3.50 लाख रुपये निवेश किए थे। इनके अलावा शहरवासियों ने करोड़ों रुपये भी निवेश किए हुए हैं।
पुलिस ने इस मामले में बुल रन वे कंपनी के संचालक पंजाब के बरनाला शहर निवासी बूटा सिंह, विकास जोशी और गुरमीत सिंह और मलकीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-एएसआई विनोद कुमार, जांच अधिकारी, शहर थाना पुलिस, जींद