11जेएनडी18: संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज जींद। संवाद
जींद। उच्चतर शिक्षा विभाग की यूजी प्रवेश प्रक्रिया के बीच जिले के सरकारी कॉलेजों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवेदन अधूरी जानकारी और दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण आपत्ति की श्रेणी में पहुंच रहे हैं। ऐसे आवेदनों को समय रहते ठीक कराने के लिए कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों से सीधे संपर्क कर रहा है ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कई विद्यार्थियों ने 12वीं का परिणाम घोषित होने से पहले आवेदन भर दिए थे जबकि कुछ आवेदकों ने जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र अथवा अन्य जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड नहीं किए। कई मामलों में दस्तावेज स्पष्ट न होने के कारण भी आवेदन सत्यापन के दौरान आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
ऐसे विद्यार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर विभाग की ओर से संदेश भेजे जा रहे हैं। साथ ही संबंधित कॉलेजों की दाखिला समितियां भी व्यक्तिगत रूप से फोन कर विद्यार्थियों को आवश्यक सुधार करने के लिए जागरूक कर रही हैं।
राजकीय पीजी कॉलेज, जींद में 13 यूजी पाठ्यक्रमों के लिए अब तक 2187 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें 1138 आवेदन कॉलेज को पहली प्राथमिकता के रूप में मिले हैं। कॉलेज प्रशासन द्वारा लगभग 1100 आवेदनों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। जांच के दौरान 26 आवेदनों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं जिन पर आपत्ति दर्ज की गई है। सबसे अधिक आपत्तियां बीए कला संकाय में सामने आई हैं।
इसके अलावा संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज में नौ संकायों के लिए 1273 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 821 आवेदन पहली प्राथमिकता के आधार पर कॉलेज के पास पहुंचे, जिनमें 802 का सत्यापन पूरा हो चुका है। यहां 15 आवेदनों में दस्तावेज संबंधी त्रुटियां मिलने पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
बाक्स
आवेदन में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर विद्यार्थियों को तुरंत सूचित किया जा रहा है। विभागीय संदेश के अलावा दाखिला समिति के सदस्य भी फोन कर छात्रों को आवश्यक दस्तावेज दोबारा अपलोड करने और त्रुटियां दूर करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे आवेदन की स्थिति नियमित रूप से जांचते रहें और समय रहते सभी आवश्यक सुधार कर लें ताकि मेरिट सूची और दाखिला प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-डॉ. सत्यवान मलिक प्राचार्य , संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज।