जींद। नगर परिषद ने 21 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत की। चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत हरी झंडी दिखाकर की। उन्होंने बताया कि 21 जून तक नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां चलाई जाएंगी।
इनमें स्वच्छता शपथ, स्रोत पृथक्करण व सफाई अभियान, प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के लिए प्लास्टिक बाहर-कपड़ा अंदर पर थीम आधारित अभियान चलाना, सेमीनार व प्रशिक्षण कार्यशाला, विश्व पर्यावरण दिवस, विक्रेता संघों के साथ स्वच्छ बाजार अभियान, नारी की भागीदारी, स्वच्छता से स्वास्थ्य, जल संरक्षण दिवस, नालियों से गाद निकालना जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. अनुराधा सैनी ने कहा कि दुनिया के जो भी देश स्वच्छ दिखते हैं, उसका कारण है वहां के नागरिक। वह न तो स्वयं गंदगी करते हैं और न ही होने देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया एक कदम पूरे भारत देश को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा।
डॉ. अनुराधा सैनी ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार एक से 21 जून तक प्रदेशभर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसका समापन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा। उन्होंने बताया कि इस 21 दिवसीय स्वच्छता अभियान का उद्देश्य दैनिक विषय गत गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता और सार्वजनिक स्वच्छता के संदेश को तीव्र गति प्रदान करना है।
इन गतिविधियों में शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, निवासी कल्याण संघ, बाजार संघ, गैर सरकारी संगठनों और बड़े पैमाने पर आवासीय समाज सहित सक्रिय नागरिकों की भागीदारी शामिल होगी। इस अवसर पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि डॉ. राज सैनी, गोविंद सैनी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त, सुनील चहल और दीक्षांत भी मौजूद रहे।