जींद। बिजली निगम जिले के मनोहरपुर, संडील और दनौदा कलां के 33 केवी सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाएगा। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली कटों से राहत मिलेगी और ओवरलोड की समस्या भी कम होगी।
बिजली निगम ने सब स्टेशनों पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना तैयार कर ली है। इसके तहत लगभग 5.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मनोहपुर, संडील और दनौदा सब स्टेशनों पर अतिरिक्त और भारी क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इन ट्रांसफार्मरों के लगने से लंबे समय से बनी ओवरलोड की समस्या में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को स्थिर व बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
मनोहरपुर सब स्टेशन पर फिलहाल 8-8 एमवीए की क्षमता के के ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं लेकिन अब तीन 10-10 एमवीए के ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे, जिन पर 2.63 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा संडील सब स्टेशन पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है लेकिन अब एक और 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा।
दनौदा कलां के सब स्टेशन पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। इससे जिला के 40 से ज्यादा गांव के उपभोक्ताओं को फायदा होगा और उन्हें पूरी वॉल्टेज के साथ बिजली मुहैया होगी। अब दस व एक आठ एमवीए की क्षमता वाला ट्रांसफार्मर रखा जाएगा। क्षमता बढ़ने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था काफी मजबूत होगी।
कम वोल्टेज के कारण चल नहीं पाते थे ट्यूबवेल
क्षेत्र में बढ़ते कनेक्शन, घरेलू व व्यावसायिक उपभोग और खेती के ट्यूबवेल कनेक्शनों के कारण लोड निरंतर बढ़ रहा था। खेतों की लाइन में भी कम वोल्टेज के कारण ट्यूबवेल चल नहीं पाते थे और किसानों को फसलों की सिंचाई संबंधित समस्या बनी रहती थी। बिजली निगम ने तकनीकी सर्वे करवाकर रिपोर्ट तैयार कर इसके बाद क्षमता वृद्धि की मंजूरी दे दी थी।
बार-बार लगने वाले कटों से मिलेगी राहत
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने पर इन सब स्टेशनों पर लोड काफी बढ़ जाता था। कई बार ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या सामने आती है जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बार-बार कट लगते थे। इस स्थिति ने उपभोक्ताओं को परेशान किया हुआ था और घंटों इंतजार करना पड़ता था। खासकर समस्या रात को वोल्टेज कम होने की रहती थी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहर के निकटवर्ती इलाकों उपभोक्ताओं को भी कम वोल्टेज और बार-बार होने वाले कटों से छुटकारा मिलेगी की उम्मीद बंधी है।
वर्जन
बिजली निगम लगातार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है। जहां भी आवश्यकता महसूस होगी, वहां सुधार किए जाएंगे। फिलहाल मनोहरपुर, संडील और दनौदा कलां के 33 केवी सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इन पर 5.88 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गर्मी के दिनों में उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी।
-एमएल सुखीजा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद