जुलाना। क्षेत्र के पौली गांव में तालाब में डूबे ढाई वर्षीय कार्तिक का शव 40 घंटे बाद शुक्रवार को मिल गया है। बुधवार शाम लगभग 6 बजे कार्तिक अपने घर के पास स्थित तालाब के किनारे खेल रहा था। कुछ ही देर बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बच्चा तालाब में गिर गया होगा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से देर रात तक तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गोताखोरों की टीम को बुलाया गया जिन्होंने गुरुवार सुबह से लगातार तालाब में खोजबीन की।
लगातार प्रयासों के बावजूद बच्चा नहीं मिला और लगभग 40 घंटे बाद उसका शव तालाब में उतराता हुआ मिला। मृतक के पिता आतिश ने बताया कि घर में उनका ढाई साल का बेटा और छह माह की एक बेटी थी। बेटे की मौत से परिवार टूट गया है।