जींद। पालवां गांव से संदिग्ध हालात में लापता हुए युवक और उसके छोटे भाई की पत्नी का शव सोमवार को बडौदा के पास बरसोला रजबहे से बरामद किए गए। मृतकों की पहचान राहुल (32) और सलिता (28) के रूप में हुई है। दोनों 26 जून से लापता थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों के शव पानी में उतराते मिले और हैरान करने वाली बात यह रही कि दोनों के एक-एक हाथ एक-दूसरे से बंधे हुए थे। सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की मदद से शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को नागरिक अस्पताल नरवाना लाया गया जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, 28 जून को सलिता ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह राहुल के साथ चंडीगढ़ में है। पहले दोनों ने घर लौटने से इन्कार किया लेकिन 3 जुलाई को सलिता ने वापसी की बात कही थी। उसी शाम राहुल की कार सिरसा ब्रांच नहर पटरी के पास मिली थी जिसमें पिछला शीशा टूटा हुआ था और दोनों की चप्पलें भी वहीं पड़ी मिली थीं।
इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार को गोताखोरों की मदद से सिरसा ब्रांच नहर में तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को दोनों के शव बरसोला रजबहे में उतराते मिले। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
वर्जन
घर से लापता हुआ युवक और उसके भाई की पत्नी का शव बरसोला रजबाहे से बरामद हो गए हैं। पोस्टमार्टम के लिए शवों को पीजीआई रोहतक ले जाया गया है।
-चंद्रपाल, प्रभारी, पुलिस थाना उचाना