जींद। नागरिक अस्पताल परिसर में मंगलवार को युवक के साथ मारपीट कर रहे कुछ युवकों की तीमारदारों ने जमकर धुनाई की। दो युवकों को भीड़ ने पकड़ भी लिया, जबकि दो फरार होने में कामयाब हो गए। पकड़े गए युवकों को भीड़ ने पुलिस के हवाले कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। ईंटल कलां गांव निवासी योगेश नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन जानकार से मिलने आया हुआ था। किसी बात को लेकर उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई, जिस पर युवक योगेश के साथ मारपीट पर उतर आए। मारपीट होती देख मरीजों के तीमारदारों ने छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन युवक मारपीट करने से नहीं हटे। खफा तीमारदारों ने युवकों की धुनाई शुरू कर दी। दो युवक फरार हो गए, जबकि दो को लोगों ने पकड़ लिया। पहले युवकों को नागरिक अस्पताल के पार्क में धुना गया। फिर अस्पताल की चौकी के सामने भी काफी देर तक मारपीट हुई। कुछ समय के दौरान सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस तथा डायल 112 मौके पर पहुंच गई। लोगों ने पकड़े गए दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। युवकों में से एक युवक की पहचान कंडेला गांव निवासी तो दूसरे की पहचान खेड़ी चौपटा गांव हिसार निवासी के रूप में बताई है। पुलिस युवकों से मारपीट में शामिल फरार दो अन्य के बारे में पूछताछ कर रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ कर रही है।