06जेएनडी24: पानी की समस्या का समाधान बारे ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए मंत्री प्रतिनिधि। स्रोत
- फोटो : 1
नरवाना। फरैण कलां गांव के लोगों को लंबे समय से पेयजल किल्लत आखिरकार दूर हो गई है। वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने जब अपनी पीड़ा हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री एवं नरवाना विधायक कृष्ण बेदी के समक्ष रखी तो मंत्री ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की बैठक बुला ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को पीने के पानी के लिए भटकना न पड़े। मंत्री ने कहा कि हर घर जल, हर व्यक्ति का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए गांव में नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य उसी दिन शुरू कर दिया और कम समय में पूरा भी कर लिया।
गांव में पानी की आपूर्ति शुरू होते ही लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या कई वर्षों से गंभीर रूप ले चुकी थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं मिल रहा था लेकिन जैसे ही मामला मंत्री कृष्ण बेदी के ध्यान में आया, उन्होंने तुरंत कदम उठाते हुए समस्या को प्राथमिकता पर दूर करवाया।
कार्य की निगरानी मंत्री के निजी सहायक जसवीर कलौदा और मंडल अध्यक्ष सत्यवान शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि मंत्री बेदी हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनते हैं और समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। ग्रामीणों ने मंत्री कृष्ण बेदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और संवेदनशीलता ने वर्षों पुरानी परेशानी को समाप्त कर दिया।
वर्जन
फरैण कलां गांव के लोगों को काफी समय से पानी की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। संबंधित विभाग को निर्देश देकर पानी की समस्या को दूर करवा दिया है लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-कृष्ण कुमार बेदी, कैबिनेट मंत्री हरियाणा सरकार ।