नई सब्जी मंडी के पास राशन लेने के लिए पहुंची लोगों की भीड़।
- फोटो : Jind
कोरोना से लड़ने के लिए सरकार द्वारा किया गया लॉकडाउन का लोग पूरी तरह से पालन नहीं कर रहे हैं। हालांकि बहुत ही कम लोग बाहर निकल रहे हैं, लेकिन इनकी संख्या संक्रमण के लिए काफी अधिक है। इसी के चलते वीरवार सुबह प्रशासन द्वारा सब्जी मंडी बंद करवा दी गई। प्रशासन के पास सूचना पहुंच रही थी कि मंडी में अधिक लोग एकत्रित हो रहे हैं। वहीं प्रशासन द्वारा राशन बांटने के दौरान भी अधिक लोग एकत्रित हुए। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवार उठ रहे हैं।
दरअसल लॉकडाउन के बाद से ही लोग नियमित रूप से सब्जी खरीदने आ रहे हैं। इसके चलते नई सब्जी मंडी में काफी भीड़ हो रही है। ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। सब्जी मंडी में लोग एक दूसरे से चिपक कर खड़े हो रहे हैं। काफी लोग एक दूसरे से मिल रहे हैं। इसके कारण वीरवार सुबह 11 बजे यहां प्रशासन की टीम पहुंची और मंडी को खाली करवाने के आदेश दिए। सब्जी मंडी के दोनों शैड के नीचे से सब्जी विक्रेताओं को पुलिस ने हटाया। इस दौरान हड़बड़ाहट में लोगों ने जल्दी-जल्दी सब्जी खरीदी।
कुछ अव्यवस्थाओं के चलते सब्जी मंडी को बंद करवा दिया गया था, लेकिन मंडी बंद नहीं रहेगी। शुक्रवार से फिर मंडी खुलेगी, लेकिन लोगों को व्यवस्था बनानी चाहिए। जरूरी सामान खरीदने के लिए एक-दो लोगों के निकलने की अनुमति है, लेकिन हर व्यक्ति दूसरे से कम से कम चार फुट की दूरी बनाकर रखे। खांसी या बुखार वाले मरीजों को पूरी एहतियात बरतनी चाहिए।
डॉ. आदित्य दहिया, डीसी।
अधिक भीड़ होने की वजह से मंडी में सब्डी विक्रेताओं को हटाती प्रशासन की टीम।- फोटो : Jind