27जेएनडी12: दोनों आरोपियों को बाजार के बीच से लेकर जाते हुए पुलिस। संवाद।
- फोटो : Samvad
नरवाना। पुराना बाजार में व्यापारी सौरभ गर्ग से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नरवाना पुलिस ने बुधवार को आरोपियों को बाजार में घुमाकर निशानदेही करवाई।
पुलिस कोयल निवासी आरोपी अंकुश और अभिषेक उर्फ भूत के सिर मुंडवाकर उन्हें मुख्य बाजार से पैदल व्यापारी की दुकान पर लेकर पहुंची, जहां उनसे व्यापारी सौरभ गर्ग के सामने माफी मंगवाई गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।
मंगलवार को सीआईए स्टाफ नरवाना और थाना शहर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हर्पित, अंकुश और अभिषेक उर्फ भूत को दबलैन माइनर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी हर्पित पुलिस से बचने के लिए माइनर में कूद गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक वर्ष पहले मुख्य आरोपी के चाचा की ओर से व्यापारी पर गोली चलाने की घटना भी हुई थी। यह मामला अदालत में विचारधीन है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, आगामी गवाही को लेकर व्यापारी पर दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने रंगदारी और धमकी की वारदात को अंजाम दिया। डीएसपी कमलजीत राणा के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
27जेएनडी12: दोनों आरोपियों को बाजार के बीच से लेकर जाते हुए पुलिस। संवाद।- फोटो : Samvad