24जेएनडी19-पुलिस गिरफ्त में पत्नी की हत्या करने का आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। सफीदों थाना क्षेत्र के गांव बागडू कलां में पत्नी की दरांत से हत्या करने के आरोपी सुरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। वारदात में प्रयोग हुई दरांत भी बरामद कर ली है। बागडू कलां निवासी सुरेश और सुनीता की शादी 15 वर्ष पहले हुई थी लेकिन संतान न होने के कारण सुरेश कुछ दिन पहले दूसरी शादी करके एक अन्य महिला को घर ले लाया। इस बात को लेकर घर में लगातार विवाद होता था। 18 मार्च को सुरेश ने पहली पत्नी से कहासुनी होने पर रोहतक के गढ़ी सांपला निवासी सुनीता की दरांत मारकर हत्या कर दी थी।
बीच-बचाव करने आई दूसरी पत्नी यमुनानगर निवासी सविता पर भी हमला कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को फोन कर कहा कि उसने दोनों को मार डाला है। गंभीर रूप से घायल सविता को पीजीआई रेफर कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुरेश के खिलाफ हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल आरोपी की दूसरी पत्नी सविता का पीजीआई रोहतक में इलाज चल रहा है।