जुलाना(जींद)। गांव ब्राह्मणवास में ईंट भट्ठे के मुनीम ने बुधवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके भाई की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। भाई ने ठेकेदार पर पैसे के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
लजवाना कलां के दीपक ने पुलिस को बताया कि उनका भाई सुशील भारत भठ्ठे पर मुनीम था। उत्तर प्रदेश के यूनिस नामक जमादार और टीएस भट्ठे के मालिक से बात करके सुशील ने लेबर बुलवाई थी। ठेकेदार जितेंद्र नांदल ने जमादार यूनिस को 9 लाख रुपये एडवांस पेमेंट दे दी। लेबर आई, लेकिन 25 दिन काम करने के बाद भाग गई। अब तीन दिन से ठेकेदार जितेंद्र नांदल सुशील से पैसे मांग रहा था। इसी दबाव से परेशान सुशील ने आत्महत्या कर ली।
उधर,जुलाना थाना प्रभारी विक्रमके अनुसार पुलिस को ब्राह्मणवास के पास खेत में एक शव लटका होने की सूचना मिली थी। पेड़ से उतरवाकर शिनाख्त करवाई गई। मरहूम सुशील के भाई की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।